■ चांदी और सोने ने छुआ नया शिखर

● नई दिल्ली
सोमवार को कीमती धातुओं ने निवेशकों का मनोबल बढ़ा दिया। चांदी ने 10,000 रुपये की जबरदस्त छलांग लगाकर रिकॉर्ड तीन लाख रुपये प्रति किलोग्राम का स्तर पार कर लिया। वहीं सोने ने भी पीछे नहीं हटते हुए 1,900 रुपये की तेजी दर्ज की और 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के नए उच्चतम स्तर तक पहुंच गया।
सर्राफा कारोबारियों के अनुसार घरेलू और वैश्विक बाजारों में मजबूत मांग ने चांदी के दामों में तेजी को बढ़ावा दिया। सोमवार को चांदी का कारोबार 3,02,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर हुआ, जो पहली बार तीन लाख रुपये के पार बंद हुआ। शुक्रवार को यह 2,92,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
स्थानीय सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में भी मजबूती देखने को मिली। सोना अब 1,48,100 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया, जबकि शुक्रवार को यह 1,46,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था।
विशेषज्ञों का कहना है कि कीमती धातुओं की मांग में निरंतर वृद्धि और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच निवेशक सुरक्षित परिसंपत्तियों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। यही कारण है कि सोना और चांदी दोनों के दामों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है।
