● राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी शीघ्र

नई दिल्ली।
भाजपा ने मंगलवार को छह राज्यों महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और अंडमान-निकोबार में नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा कर दी। रवींद्र चव्हाण, एन. रामचंदर राव, पीवीएन माधव, राजीव बिंदल, महेंद्र भट्ट और अनिल तिवारी को क्रमशः इन राज्यों का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सभी नियुक्तियां निर्विरोध हुईं और इनमें संगठन में लंबे समय से सक्रिय व स्वीकार्य चेहरों को प्राथमिकता दी गई। इससे पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की दिशा में एक और जरूरी कदम पूरा कर लिया है।
मध्य प्रदेश में वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल ने नामांकन दाखिल किया है, जहां उनका चुनाव औपचारिकता भर है। पार्टी सूत्रों के अनुसार नेतृत्व ऐसे नेताओं को चुन रहा है जो गुटनिरपेक्ष और सर्वमान्य हों। जल्द ही बंगाल समेत कुछ अन्य राज्यों में भी नियुक्तियां होंगी।
भाजपा संविधान के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले संगठन के 37 में से कम से कम 19 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव जरूरी होता है। इसी प्रक्रिया को पूरा करने के तहत हाल ही में कई राज्यों में नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। जनवरी 2020 में राष्ट्रीय अध्यक्ष बने जे.पी. नड्डा का तीन साल का कार्यकाल पहले ही पूरा हो चुका है। लेकिन लोकसभा चुनाव 2024 और संगठनात्मक तैयारियों के चलते उन्हें लगातार कार्यकाल विस्तार मिलता रहा।