■ मनोज भावुक की लेखनी से निकला है गीत

● मुंबई
अयोध्या में राम मंदिर उद्घाटन की तीसरी वर्षगांठ, रामलला प्रतिष्ठा दिवस के अवसर पर भगवान राम को समर्पित भावपूर्ण हिंदी गीत ‘मेरे राम’ आज श्रोताओं के बीच आया। यह गीत हिंदी–भोजपुरी के चर्चित कवि मनोज भावुक की लेखनी से निकला है और भोजपुरी फिल्म ‘मेहमान’ का हिस्सा है। गीत को एस आर के म्यूजिक चैनल पर रिलीज किया गया।
दिसंबर 2025 में सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई फिल्म ‘मेहमान’ के नायक अरविंद अकेला कल्लू हैं और इसी गीत को उन्होंने अपनी आवाज़ दी है। फिल्म के निर्माता रोशन सिंह, सह-निर्माता शर्मिला आर. सिंह तथा निर्देशक लाल बाबू पंडित हैं।
नौ–दस गीतों से सजी इस भोजपुरी फिल्म में ‘मेरे राम’ इकलौता हिंदी गीत है, जिसे भगवान राम की सार्वकालिक चेतना और व्यापक भावभूमि को ध्यान में रखकर रचा गया है। इसका संगीत भोजपुरी सिनेमा के प्रतिष्ठित लेखक–निर्देशक–संगीतकार रजनीश मिश्रा ने तैयार किया है।
गीतकार मनोज भावुक और संगीतकार रजनीश मिश्रा की जोड़ी इससे पहले भी कई चर्चित और लोकप्रिय गीत श्रोताओं को दे चुकी है। फिल्म ‘मेहंदी लगा के रखना’ का बहुचर्चित गीत ‘तोर बउरहवा रे माई’, ‘दुल्हिनिया नाच नचावे’ और ‘आपन कहाये वाला के बा’ के गीत इस रचनात्मक साझेदारी की पहचान रहे हैं।
