
● मुंबई
परिवर्तन फाउंडेशन के वर्ष 2026 के कैलेंडर और डायरी का विमोचन आज श्री सिद्धिविनायक मंदिर परिसर में सादगीपूर्ण समारोह के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में श्री सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी और वरिष्ठ पत्रकार श्रीनारायण तिवारी ने संयुक्त रूप से इनका लोकार्पण किया।
इस अवसर पर परिवर्तन फाउंडेशन के अध्यक्ष राजकिशोर तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र पांडे, रौनक तिवारी सहित संस्था से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संस्था के अध्यक्ष राजकिशोर तिवारी ने बताया कि परिवर्तन फाउंडेशन वर्ष 2011 से शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। पिछले 14 वर्षों से संस्था हर साल कैलेंडर का प्रकाशन कर रही है, जिसमें सामाजिक संदेशों और जन-जागरूकता से जुड़े विषयों को विशेष स्थान दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन जरूरतमंद वर्ग के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित करता है। इनमें गरीब विद्यार्थियों को नोटबुक वितरण, निर्धन महिलाओं को साड़ी प्रदान करना, कन्याओं के विवाह हेतु सिलाई मशीन उपलब्ध कराना और शीत ऋतु में कंबल वितरण शामिल है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी संस्था की उल्लेखनीय भूमिका है। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में हर दो माह में विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिससे सैकड़ों लोगों को लाभ मिलता है।
