■ कथा का शुभारंभ बागेश्वर सरकार धीरेंद्र शास्त्री करेंगे

● मुंबई
ब्रजभूमि की भक्ति, संस्कृति और श्रीकृष्ण लीलाओं की दिव्य परंपरा अब मुंबई में सजीव होने जा रही है। श्री ब्रजमंडल संस्था, मुंबई की स्वर्ण जयंती के अवसर पर श्रीमद् ब्रज भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें वृंदावन के सुप्रसिद्ध कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी अपने श्रीमुख से ब्रज भक्ति की अमृतमयी कथा का रसपान कराएंगे। यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर बनेगा, बल्कि ब्रज संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी होगा।
मुंबई की धार्मिक–सांस्कृतिक धरोहर में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में श्री ब्रजमंडल संस्था, मुंबई स्वर्ण जयंती महोत्सव मना रही है। इसी क्रम में 27 जनवरी 2026 से 02 फरवरी 2026 तक आजाद मैदान, मुंबई में प्रतिदिन सायं 4 से 7 बजे तक श्रीमद् ब्रज भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा वाचन वृंदावन के ख्यातिप्राप्त संत और कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी द्वारा किया जाएगा, जो ब्रज की लीलाओं, भक्ति भाव और सांस्कृतिक चेतना को सहज भाषा में प्रस्तुत करेंगे।
कथा का शुभारंभ बागेश्वर सरकार धीरेंद्र शास्त्री के कर-कमलों से होगा। आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिष्ठित साधु–संतों की उपस्थिति प्रस्तावित है, जिससे महोत्सव की आध्यात्मिक गरिमा और व्यापक होगी।
वर्ष 1976 में स्थापित श्री ब्रजमंडल संस्था ने पिछले पांच दशकों में मुंबई में निवासरत ब्रजवासियों को संगठित कर एक सशक्त सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मंच तैयार किया है। गिरगांव चौपाटी में आयोजित होने वाली श्रीकृष्ण रासलीला और कवि सम्मेलन संस्था की पहचान बन चुके हैं।
