● भारत की तूफानी जीत
● ईशान–सूर्या के दम पर न्यूजीलैंड पर 2–0 की बढ़त

● रायपुर
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को आसानी से शिकस्त दी। 209 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सिर्फ 15.2 ओवर में 3 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और सीरीज में 2–0 की बढ़त बना ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत आक्रामक रही। डेवन कॉन्वे और टिम साइफर्ट ने पावरप्ले में तेजी से रन बटोरे। इसके बाद रचिन रवींद्र ने 26 गेंदों में 44 रनों की उपयोगी पारी खेली। कप्तान मिचेल सैंटनर ने अंत में 27 गेंदों पर नाबाद 47 रन ठोककर स्कोर को मजबूती दी। ग्लेन फिलिप्स (19) और डैरिल मिचेल (18) के योगदान से कीवी टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन बनाए।
भारतीय गेंदबाजों में कुलदीप यादव सबसे सफल रहे और उन्होंने 2 विकेट झटके। हर्षित राणा, हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली। अर्शदीप सिंह का दिन हालांकि कठिन रहा और उन्होंने चार ओवर में 53 रन लुटाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को शुरुआती झटके लगे, लेकिन इसके बाद ईशान किशन ने मैदान पर तूफान ला दिया। उन्होंने महज 32 गेंदों पर 76 रन ठोके, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर ईशान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज टी20 फिफ्टी का रिकॉर्ड भी बनाया।
इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी खास अंदाज में मैच खत्म किया। उन्होंने 37 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे। शिवम दुबे ने अंत में 18 गेंदों पर नाबाद 36 रन जोड़कर जीत पर मुहर लगा दी।
इस जीत के साथ भारत 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य 16 ओवर से कम में हासिल करने वाली पहली टीम भी बन गई और रायपुर की रात क्रिकेट इतिहास में दर्ज हो गई।
