■ हर हर महादेव के उद्घोष से गूंजी काशी

● विनीत त्रिपाठी @ वाराणसी
वसंत पंचमी के पावन पर्व पर काशी की लोकपरंपरा के अनुसार बाबा विश्वनाथ की चल प्रतिमा का तिलकोत्सव संपन्न हुआ। इसी क्रम में इस वर्ष सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता मंदिर के श्री महंत पंडित शिवप्रसाद पांडेय (लिंगिया महाराज) के परिवार के सान्निध्य में टेढ़ीनीम स्थित विश्वनाथ मंदिर के महंत आवास पर बाबा काशी विश्वनाथ को तिलक अर्पित किया गया।
उपमहंत प्रमुख मंदिर काशी पंडित अवशेष पांडेय (कल्लू महाराज) ने बताया कि महादेव की नगरी काशी में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर भगवान विश्वेश्वर का तिलकोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर के शास्त्रियों ने बाबा विश्वेश्वर की पंचबदन प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। पूजन के दौरान श्रद्धालुओं के “हर-हर महादेव” के जयघोष से संपूर्ण वातावरण गुंजायमान हो उठा और भक्तों में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
- बाबा विश्वनाथ का तिलकोत्सव भक्तों के लिए एक विशेष और महत्वपूर्ण अवसर माना जाता है, जिसमें वे अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हैं। हजारों की संख्या में भक्त इस पावन तिलकोत्सव में शामिल हुए। सभी श्रद्धालुओं को बाबा विश्वनाथ का प्रसाद वितरित किया गया।

तिलकोत्सव के आयोजन ने धार्मिक आस्था को प्रगाढ़ करने के साथ सामाजिक समरसता और लोकाचार का भी संदेश दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने मिल-जुलकर इस उत्सव का आनंद लिया और अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा-भक्ति को और सुदृढ़ किया। बाबा विश्वनाथ का यह भव्य तिलकोत्सव एक सफल और स्मरणीय आयोजन के रूप में संपन्न हुआ, जिसने सभी भक्तों को भक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से अभिषेक पांडेय, अवनीश पांडेय, सतीश पांडेय, अभय पांडेय, कन्हैया दुबे (केडी), सुनील कुमार, राजा, सौरभ राय, अतुल सेठ, आदित्य पांडेय सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
