
● सांगली
महाराष्ट्र के 59वें निरंकारी संत समागम का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य और रंगारंग शोभा यात्रा के साथ हुआ। निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के पावन सानिध्य में यह तीन दिवसीय समागम 24, 25 और 26 जनवरी 2026 को सांगली के सांगलवाड़ी मैदान में आयोजित किया जा रहा है।
समागम के अवसर पर मानवता के नाम संदेश देते हुए निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने कहा कि प्रभु द्वारा प्रदत्त मानवीय जीवन को सार्थक बनाने के लिए आत्ममंथन आवश्यक है। उन्होंने आह्वान किया कि कर्तव्यों के साथ आत्ममंथन को जीवन का अंग बनाते हुए स्वयं में सुधार लाया जाए और सेवा भावना के साथ समाज कल्याण में सहभागी बना जाए।
इससे पूर्व समागम स्थल पर सतगुरु माता जी और निरंकारी राजपिता जी के आगमन पर समागम समिति के चेयरमैन शम्भुनाथ तिवारी तथा समन्वयक नंदकुमार झांबरे ने साध संगत की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात दिव्य युगल फूलों से सजी पालकी में विराजमान होकर सांगली–ईश्वरपुर रोड से होते हुए शोभा यात्रा में सम्मिलित हुए। ‘धन निरंकार’ के जयघोष से संपूर्ण समागम स्थल गूंज उठा।
शोभा यात्रा में सेवादल बैंड, लेझिम, हलगी नृत्य, यक्षगान, सिंधी व पंजाबी नृत्य, नाशिक ढोल, विज्ञान एवं अध्यात्म, महिला लेझिम, समाज कल्याण गतिविधियों तथा निरंकारी इंस्टीट्यूट ऑफ म्यूजिक एंड आर्ट्स की झांकियों सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया, जिनका स्वागत करतल ध्वनि से किया गया।
