
● मुंबई
‘गुलदान’ के तत्वावधान में हस्तीमल ‘हस्ती’ स्मृति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन अंधेरी-पश्चिम स्थित एसपी जैन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च के कल्चर सेंटर ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध वरिष्ठ संगीतकार कुलदीप सिंह ने की। उनके साथ प्रसिद्ध गजल गायक जसविंदर सिंह भी मंच पर मौजूद रहे। इस अवसर पर हस्तीमल ‘हस्ती’ की पत्नी श्रीमती पारस देवी बंब, प्रमोद बंब तथा दक्ष बंब की उपस्थिति रही।
समारोह का आरंभ ‘गुलदान’ संस्था के अध्यक्ष गुलशन मदान के स्वागत भाषण से हुआ। हस्तीमल ‘हस्ती’ की चर्चित गजल ‘प्यार का पहला ख़त लिखने में वक़्त तो लगता है’ की प्रस्तुति में गायिका श्रद्धा जैन के सुमधुर गायन और कुमारी कशिश मेहरोत्रा के मनोहारी कत्थक नृत्य ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
साहित्यिक योगदान के लिए वरिष्ठ साहित्यकार नंदलाल पाठक और उर्दू शायर ओबैद आज़म आज़मी को स्मृति चिन्ह, पुष्पमाला और शॉल भेंट कर हस्तीमल ‘हस्ती’ स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। हास्यकवि सुभाष काबरा तथा आशीर्वाद संस्था की नीता बाजपेई ने सम्मानित रचनाकारों पर अपने विचार रखे।
काव्यपाठ सत्र में दिल्ली से राजेंद्र गौतम, बनारस से अंकिता खत्री नादान तथा मुंबई के अभिलाष अवस्थी, देवमणि पांडेय, अमर त्रिपाठी, अर्चना जौहरी, नवीन चतुर्वेदी, अश्विनी उम्मीद, डॉ. वागीश सारस्वत, अर्चना वर्मा सिंह, रीमा राय सिंह, डॉ. वासिफ यार, डॉ. प्रमोद कुमार कुश ‘तनहा’, हास्यकवि आशकरण अटल, मुकेश गौतम, मीनू मदान और ज़ीनत एहसान कुरैशी सहित अनेक रचनाकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर समारोह को स्मरणीय बना दिया।
