
● ठाणे
ठाणे महानगरपालिका ने शहर में जलापूर्ति से जुड़ा अहम अलर्ट जारी किया है। मनपा की स्वयं की जलापूर्ति योजना के तहत किरवली स्थित मुख्य जलवाहिनी में लीकेज की मरम्मत और इंदिरानगर पंपिंग स्टेशन की सफाई का कार्य किया जाना है।
इन जरूरी कार्यों के कारण शुक्रवार, 30 जनवरी 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक करीब छह घंटे का शटडाउन लिया जाएगा। इस दौरान मनपा की अपनी जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि, स्टेम प्राधिकरण से मिलने वाली जलापूर्ति को जोनिंग प्रणाली के जरिए यथासंभव चालू रखने का प्रयास किया जाएगा।
जलकटौती का असर शहर के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा। इसमें घोड़बंदर रोड, वर्तकनगर, ऋतुपार्क, जेल, गांधीनगर, रुस्तमजी, सिद्धांचल, समतानगर, सिद्धेश्वर, इटर्निटी, जॉन्सन, इंदिरानगर, श्रीनगर, लोकमान्यनगर, सावरकरनगर, रुपादेवी पाड़ा और किसननगर जैसे इलाके शामिल हैं।
मनपा ने यह भी आगाह किया है कि शटडाउन समाप्त होने के बाद भी एक से दो दिनों तक कम दबाव से पानी की आपूर्ति हो सकती है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पहले से आवश्यक जल भंडारण कर लें और इस अवधि में महानगरपालिका को सहयोग दें।
