
● बारामती
महाराष्ट्र की राजनीति को आज गहरा आघात लगा है। तेजतर्रार नेतृत्व और निर्णायक प्रशासनिक शैली के लिए पहचाने जाने वाले उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का एक दर्दनाक विमान हादसे में निधन हो गया। वे 66 वर्ष के थे। यह हादसा बारामती हवाई अड्डे के निकट उस समय हुआ, जब मुंबई से बारामती आ रहा उनका निजी विमान लियरजेट 45 लैंडिंग की प्रक्रिया में था। दुर्घटना के बाद विमान में भीषण आग लग गई, जिसमें पायलटों सहित कुल पांच लोगों की जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लैंडिंग से ठीक पहले विमान में तकनीकी खराबी आई। रनवे से कुछ दूरी पर विमान में आग भड़क उठी और कुछ ही पलों में वह जमीन से टकरा गया। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा पर आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि किसी को बचाया नहीं जा सका। हादसे की भयावहता ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया।
अजीत पवार कल सुबह मुंबई से बारामती एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। उनके अचानक चले जाने की खबर से राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनमानस तक शोक की लहर फैल गई है। समर्थक, कार्यकर्ता और शुभचिंतक भावुक हैं, और हर आंख नम है।
परिवार की ओर से अंतिम कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई है। बुधवार शाम 4 बजे से उनका पार्थिव शरीर विद्या प्रतिष्ठान, विद्या नगरी चौक में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां देर रात तक श्रद्धांजलि दी गई। गुरुवार सुबह 9 बजे गदिमा सभागृह से अंतिम यात्रा निकलेगी, जो विद्या प्रतिष्ठान चौक और भिगवण रोड सेवा मार्ग से गुजरेगी। सुबह करीब 11 बजे विद्या प्रतिष्ठान के मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
