
● नई दिल्ली
अंडर-19 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को बड़ी पहचान मिली है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने उन्हें अंडर-19 विश्व कप 2026 की ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ में शामिल किया है। यह चयन वैभव के निरंतर, प्रभावशाली और मैच जिताऊ प्रदर्शन की वैश्विक स्वीकृति माना जा रहा है।
पूरे टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम की बल्लेबाज़ी की रीढ़ बने रहे। अहम मुकाबलों में उन्होंने न सिर्फ तेज़ रन बनाए, बल्कि दबाव की परिस्थितियों में भी संयम और परिपक्वता का परिचय दिया। फाइनल मैच में खेली गई उनकी 175 रनों की ऐतिहासिक पारी ने चयनकर्ताओं पर गहरी छाप छोड़ी। इसी पारी के दम पर भारत ने इंग्लैंड के सामने 412 रनों का विशाल लक्ष्य रखा और अंततः खिताब अपने नाम किया।
आईसीसी की ओर से जारी की गई ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ में कुल 12 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। यह टीम तीन सदस्यीय चयन समिति इयन बिशप, एंडी फ्लावर और टेलफोर्ड वाइस द्वारा चुनी गई। वैभव सूर्यवंशी के साथ भारत के दो अन्य खिलाड़ियों को भी इस सम्मानित टीम में जगह मिली है, जबकि इंग्लैंड के थॉमस रेव को टीम का कप्तान बनाया गया है।
वैभव सूर्यवंशी का इस प्रतिष्ठित टीम में चयन उनके तकनीकी कौशल, मानसिक मजबूती और बड़े मंच पर प्रदर्शन की क्षमता को दर्शाता है। ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ बनने के बाद अब ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ में शामिल होना उनके उभरते करियर का अहम पड़ाव है। वैभव ने यह संकेत दे दिया है कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य में उनसे बड़ी उम्मीदें हैं और वह उन पर खरा उतरने की पूरी क्षमता रखते हैं।
