
■ रवीन्द्र मिश्रा @वसई
परशुरामकालीन तुंगारेश्वर शिव मंदिर में आयोजित संगीतमय श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हो गया। यह धार्मिक आयोजन श्रीमती दुर्गावती देवी शेषमणि ओझा ट्रस्ट द्वारा किया गया था।
शनिवार, 7 फरवरी से प्रारंभ हुआ यह संगीतमय श्रीरामचरितमानस पाठ रविवार शाम 9 बजे विधिवत समापन के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के आयोजक दिनेश कुमार ओझा ने बताया कि यह आयोजन पिछले कई वर्षों से किया जा रहा है। सन 2000 से यह कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष शिवरात्रि से पूर्व पड़ने वाले शनिवार और रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ का 26वां आयोजन सम्पन्न हुआ।
पुरातन शिव मंदिर होने के कारण तुंगारेश्वर में भक्तों की गहरी आस्था है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए दो दिनों तक महाप्रसाद की व्यवस्था की गई थी।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मंदिर प्रबंधन, प्रशासन और समस्त शिवभक्तों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित और भव्य रूप से सम्पन्न हो सका।
