■ योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज के मार्गदर्शन में पालघर पीठ धर्म, शांति, संस्कार एवं सामाजिक चेतना का एक सशक्त केंद्र बनेगा

● पालघर
सनातन धर्म, संस्कृति एवं सामाजिक समरसता के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में महाराष्ट्र के पालघर में स्थापित ‘पालघर पीठ’ को देश की प्राचीन एवं प्रतिष्ठित विद्वत परंपरा काशी विद्वत परिषद, वाराणसी से आधिकारिक संस्तुति एवं नैतिक मान्यता प्राप्त हुई है।
काशी विद्वत परिषद के अध्यक्ष प्रो. हरि नारायण तिवारी द्वारा जारी मंगलकामना एवं संस्तुति पत्र में पालघर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में एक सुव्यवस्थित, मर्यादित एवं सर्वस्वीकृत आध्यात्मिक पीठ की स्थापना को समय की आवश्यकता बताया गया है। पत्र में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि पालघर पीठ धर्म, योग, संस्कार, सामाजिक समरसता, संत-सुरक्षा, युवा जागरण तथा मठ-मंदिर संपत्तियों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समाज को दिशा प्रदान करेगा।
परिषद ने विश्वास व्यक्त किया है कि पीठाधीश्वर के रूप में प्रतिष्ठापित ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज के मार्गदर्शन में पालघर पीठ धर्म, शांति, संस्कार एवं सामाजिक चेतना का एक सशक्त केंद्र बनेगा।
