
● ठाणे
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) द्वारा बनाई जा रही मुंबई मेट्रो लाइन-5 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। यह मेट्रो लाइन ठाणे, भिवंडी और कल्याण को आपस में जोड़ेगी और रोजाना जाम से जूझने वाले लाखों यात्रियों की यात्रा को तेज और सुगम बनाएगी।
करीब 24.90 किलोमीटर लंबी ऑरेंज लाइन के पहले चरण कापुरबावड़ी (ठाणे) से धामणकर नाका (भिवंडी) का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार इस खंड पर दिसंबर 2026 से मेट्रो सेवा शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही यह ठाणे जिले की तीसरी मेट्रो लाइन बन जाएगी।
● निर्माण कार्य लगभग पूरा
एमएमआरडीए की रिपोर्ट के मुताबिक मेट्रो लाइन-5 पर सिविल वर्क लगभग समाप्त हो चुका है। वायाडक्ट और स्टेशनों के लिए पाइलिंग कार्य 99 प्रतिशत से अधिक पूरा हो गया है। पियर, पियर कैप और यू-गर्डर का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। अब केवल सिग्नल सिस्टम, बिजली आपूर्ति और सुरक्षा परीक्षण जैसे तकनीकी कार्य शेष हैं, जिन्हें जल्द पूरा किया जाएगा।
● 15 स्टेशनों से होकर गुजरेगी मेट्रो
मेट्रो लाइन-5 की शुरुआत बालकुम नाका से होगी। यह लाइन कसैली, कल्हेर, पूर्णा, आंजुरफाटा, धामणकर नाका, भिवंडी, गोपाल नगर, तेमघर, राजनोली, गोवे गांव, कोन गांव, लाल चौकी और कल्याण स्टेशन होते हुए कल्याण एपीएमसी तक जाएगी। इस पूरे रूट पर कुल 15 स्टेशन होंगे।
ठाणे-भिवंडी-कल्याण मार्ग पर मौजूदा यात्रा समय में 50 से 75 प्रतिशत तक की कमी आने की उम्मीद है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत 8,416.51 करोड़ रुपये है। मेट्रो में छह डिब्बों वाली ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनमें एक ट्रेन में 1,756 यात्रियों के सफर की क्षमता होगी। अनुमान है कि 2031 तक रोजाना 3.02 लाख यात्री इस मेट्रो लाइन का उपयोग करेंगे।
