■ आनंद महिंद्रा ने वैज्ञानिक शुभा अयंगर को बताया प्रेरणा

● मुंबई
उद्योगपति आनंद महिंद्रा का एक ट्वीट इन दिनों सोशल मीडिया पर खासा चर्चा में है। इस ट्वीट में उन्होंने भारत की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शुभा वी. अयंगर के कार्य, संघर्ष और योगदान को नमन करते हुए उन्हें मौजूदा दौर की एक बड़ी प्रेरणा बताया है। महिंद्रा ने लिखा कि जहां अधिकांश लोग जीवन की ‘रूपकात्मक धुंध’ में रास्ता खोजने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं डॉ. अयंगर सचमुच विमानों को असली धुंध के बीच सुरक्षित उतारने में मदद करती रही हैं।
आनंद महिंद्रा ने अपने ट्वीट में डॉ. अयंगर की शैक्षणिक उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि डॉ. शुभा बीएससी और एमएससी दोनों में टॉपर रहीं। ऐसे समय में, जब लड़कियों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए कम प्रोत्साहन मिलता था, उनके माता-पिता ने उनके वैज्ञानिक रुझान को खुलकर समर्थन दिया। यही समर्थन आगे चलकर देश के लिए एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि का आधार बना।
डॉ. शुभा अयंगर ने सीएसआईआर–नेशनल एयरोस्पेस लैबोरेट्री (CSIR–NAL) में चार दशक से अधिक समय तक सेवाएं दीं। इसी दौरान उन्होंने उस टीम का नेतृत्व किया, जिसने भारत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण ‘दृष्टि’ (DRISHTI) प्रणाली विकसित की। यह प्रणाली विशेष रूप से भारत की परिस्थितियों घनी धुंध, बारिश, धूल और अनिश्चित मौसम को ध्यान में रखकर तैयार की गई है और विमानन सुरक्षा में मील का पत्थर मानी जाती है।
आनंद महिंद्रा ने ट्वीट के अंत में एक भावनात्मक संदेश भी दिया। उन्होंने लिखा कि जब दुनिया अस्पष्ट और असमंजस से भरी लगे, तब यह याद रखना चाहिए कि कहीं न कहीं कोई ऐसा व्यक्ति है, जिसने ऐसे सिस्टम बनाए हैं, जिनकी बदौलत दूसरे लोग सुरक्षित जमीन पर उतर पाते हैं।
यह ट्वीट न केवल एक वैज्ञानिक के योगदान को सामने लाता है, बल्कि विज्ञान, धैर्य और दूरदृष्टि की ताकत को भी रेखांकित करता है।
