- समुद्री हवाओं के असर से प्रदूषण में गिरावट, एक्यूआई 81 दर्ज

● मुंबई
लंबे समय से प्रदूषण की चुनौती झेल रहे मुंबईकरों को अब राहत मिलती दिखाई दे रही है। नवंबर 2025 के बाद पहली बार शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) संतोषजनक श्रेणी में पहुंचा है। शनिवार को AQI 58, रविवार को 76 और आज सोमवार को AQI 81 दर्ज किया गया, जो बीते कई महीनों में सबसे बेहतर स्थिति मानी जा रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार समुद्र की दिशा से चली तेज और स्थिर हवाओं ने वातावरण में जमी धूल और धुंध को छांटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पिछले सप्ताह जहां AQI 145 तक पहुंच गया था, वहीं इस सप्ताह की शुरुआत से इसमें निरंतर सुधार दर्ज हुआ। बुधवार को AQI 93, गुरुवार को 63, शुक्रवार को 54 और शनिवार को 58 रहा।
Central Pollution Control Board के आंकड़ों के अनुसार शहर के 27 सक्रिय निगरानी केंद्रों में से 9 केंद्रों पर AQI 50 से नीचे दर्ज किया गया, जबकि 18 केंद्रों पर यह 50 से 100 के बीच रहा। बोरीवली पूर्व में सबसे बेहतर स्थिति दर्ज हुई, जहां AQI 19 रहा, वहीं मुलुंड में 22 दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि किसी भी केंद्र पर AQI 100 के पार नहीं गया।
प्रदूषण स्तर में आई इस गिरावट ने नागरिकों के चेहरों पर संतोष लौटाया है। स्वच्छ हवा की यह स्थिति आने वाले दिनों के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।
