
● मुंबई
3 मार्च 2026 को लगने वाला पूर्ण चंद्र ग्रहण देशभर के साथ-साथ मुंबई में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। खगोलविदों के अनुसार यह ग्रहण दोपहर बाद आरंभ होगा और शाम तक विभिन्न चरणों में देखा जा सकेगा।
• मुंबई के अनुसार ग्रहण का प्रारंभ लगभग दोपहर 3:20 बजे होगा। पूर्ण ग्रहण का चरण करीब 4:34 बजे से आरंभ होकर 5:33 बजे तक रहेगा, जबकि ग्रहण का समापन लगभग 6:47 बजे माना जा रहा है। सूर्यास्त के समय चंद्रमा के उदय के साथ इसका अंतिम दृश्य देखा जा सकेगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण काल को संवेदनशील समय माना जाता है। ग्रहण से लगभग 9 घंटे पूर्व सूतक काल आरंभ हो जाता है। इस अवधि में भोजन बनाने और ग्रहण करने से परहेज करने की परंपरा है। पहले से बने भोजन में तुलसी दल रखने की सलाह दी जाती है। गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने और नुकीली वस्तुओं के उपयोग से बचने की सलाह दी जाती है।
ग्रहण के दौरान मंत्र-जप, ध्यान, गीता या रामायण पाठ को शुभ माना गया है। ग्रहण समाप्ति के बाद स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करना तथा दान-पुण्य करना पुण्यदायक माना जाता है।
वैज्ञानिक दृष्टि से चंद्र ग्रहण पृथ्वी, सूर्य और चंद्रमा की विशेष स्थिति के कारण घटित होने वाली प्राकृतिक खगोलीय घटना है। इसे नंगी आंखों से सुरक्षित रूप से देखा जा सकता है।
आस्था और विज्ञान के संगम का यह अवसर लोगों को संयम, श्रद्धा और जागरूकता का संदेश देता है।
