
● मुंबई
आर के पब्लिकेशन द्वारा आयोजित आर के ओपन माइक “उत्सव शब्दों का” एक विशेष साहित्यिक आयोजन मुंबई मराठी पत्रकार संघ में शनिवार, 28 फरवरी 2026 को आयोजित किया गया। इस साहित्यिक आयोजन में साहित्य के विविध रंगों के साथ हर उम्र की प्रतिभाओं ने अपनी सहभागिता की।
पूरा कार्यक्रम तीन सत्रों में विभाजित रहा और निर्णायकों के नवरंगी समूह में लखनऊ से आए प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. पंकज प्रसून, अर्चना जौहरी, महेश दुबे, मनमोहन धीर, डॉ. कृष्ण कुमार मिश्र, पवन, ओबैद आज़म आज़मी, गुलशन मदान जी एवं डॉ. सुधीर चौबे जी की विशेष उपस्थिति रही। सभी प्रतिभागियों को विशेष रूप से तैयार स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। रीमा राय सिंह के खूबसूरत संयोजन में पचास से ज्यादा प्रतिभागियों ने अपनी अभिव्यक्ति को सुमधुर शब्दों में साझा किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वर्षा महेश ने किया।

आर के पब्लिकेशन के निदेशक और आयोजक रामकुमार से जब पूछा गया कि वे इस तरह के आयोजन को किस रूप में देखते हैं, तो उन्होंने कहा कि जब से वे किताबों का प्रकाशन कर रहे हैं, तभी से उनके दिल में इच्छा थी कि लोगों को किताब पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने देखा कि जब लोग अच्छा कहते हैं, तो वे अच्छा पढ़ते भी हैं। इसी कहने और पढ़ने के सिलसिले को बरकरार रखने के लिए इस आर के ओपन माइक की संकल्पना को आकार दिया गया। “मंच एक, भाषा अनेक” इस कथन के माध्यम से हिंदी के साथ-साथ अंग्रेजी, मराठी और अवधी भाषाओं में शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मायानगरी मुंबई में इस साहित्यिक कार्यक्रम को सभी मित्रों का निरंतर सहयोग प्राप्त होता रहेगा।
इस कार्यक्रम के आयोजन में इसरा विद्यालय के ट्रस्टी आदर्श शुक्ला, ताराचंद मकसाने और मनमोहन धीर का विशेष योगदान रहा। संजय रोकड़े और उनकी टीम ने कार्यक्रम की डिजिटल फोटोग्राफी और वीडियो तैयार किया। किसी प्रकाशन संस्थान द्वारा दक्षिण मुंबई में इस प्रकार का आयोजन पहली बार हुआ। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने शुभकामनाएं दीं।
