
● मुंबई
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान को लेकर बढ़ते तनाव के बावजूद मुंबई का रियल एस्टेट बाजार मार्च 2026 में जबरदस्त मजबूती के साथ उभरा है। नाइट फ्रैंक इंडिया की ताज़ा रिपोर्ट बताती है कि इस दौरान 15,516 से अधिक प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए, जो पिछले 14 वर्षों में मार्च महीने का सबसे ऊंचा आंकड़ा है।
फरवरी में आई रफ्तार ने इस उछाल की नींव रखी थी, जब रजिस्ट्रेशन और स्टांप ड्यूटी कलेक्शन दोनों में सालाना वृद्धि दर्ज हुई थी। हालांकि, जनवरी में नए हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग में 11 प्रतिशत की गिरावट देखी गई थी, लेकिन बाजार ने मार्च में जोरदार वापसी करते हुए स्थिर अर्थव्यवस्था और मजबूत उपभोक्ता मांग का संकेत दिया।
इस तेजी के केंद्र में मध्यम वर्ग उभरकर सामने आया है। खरीदार अब बेहतर सुविधाओं और गुणवत्ता वाले घरों को प्राथमिकता दे रहे हैं, खासकर 1 से 2 करोड़ रुपये की श्रेणी में। इस सेगमेंट की हिस्सेदारी बढ़कर 38 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो पिछले साल के मुकाबले उल्लेखनीय वृद्धि है। दूसरी ओर, 1 करोड़ रुपये से कम कीमत वाले घरों की मांग घटकर 39 प्रतिशत रह गई है।
फरवरी की तुलना में मार्च में रजिस्ट्रेशन में 19 प्रतिशत और स्टांप ड्यूटी कलेक्शन में 32 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे कुल कलेक्शन लगभग 1,492 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। हालांकि, सालाना आधार पर स्टांप ड्यूटी में 6 प्रतिशत की हल्की गिरावट देखने को मिली, जिसे विशेषज्ञ लेन-देन के बदलते स्वरूप से जोड़कर देख रहे हैं।
