■ 2024 में मिल चुका है बेस्ट पॉलिटिकल जर्नलिस्ट अवार्ड

● मुंबई । घाटकोपर पश्चिम में ‘प्रांरभ उत्तर दर्शन’ का 55वां वार्षिक समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया, जिसमें हिंदी भाषी समाज के अनेक गणमान्य लोग और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सोनू श्रीवास्तव को प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान आयोजक व भाजपा नेता अखिलेश सिंह के पूज्य पिता वीरेंद्र बहादुर सिंह की स्मृति में प्रदान किया जाता है।
सोनू श्रीवास्तव, डेक्कन क्रॉनिकल ग्रुप के अंग्रेज़ी दैनिक द एशियन एज से जुड़े हुए, पिछले 14 वर्षों से महाराष्ट्र की राजनीति, सत्ता संरचना, प्रशासन और नीतिगत फैसलों पर पैनी नज़र रखते हुए सशक्त और विश्लेषणात्मक पत्रकारिता कर रहे हैं।
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत ट्रांसपोर्ट बीट से की थी, जहां उन्होंने रेलवे और मुंबई की बेस्ट सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर व्यापक रिपोर्टिंग की। उनकी गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान दिलाई है।
गौरतलब है कि सोनू श्रीवास्तव को वर्ष 2024 में पत्रकार विकास संघ द्वारा बेस्ट पॉलिटिकल जर्नलिस्ट अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके उत्कृष्ट और निरंतर योगदान का प्रमाण है।
महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता कृपाशंकर सिंह के करकमलों द्वारा 28 मार्च की शाम सोनू श्रीवास्तव को यह सम्मान प्रदान किया गया।
आयोजकों ने ‘प्रांरभ उत्तर दर्शन’ परिवार और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह गर्व और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
