
● नई दिल्ली
पीरियडिक लेबर फोर्स सर्वे 2023-24 के ताजा आंकड़ों के अनुसार मिजोरम देश का सबसे साक्षर राज्य बनकर उभरा है। यहां की साक्षरता दर 98.2% दर्ज की गई है, जो पूरे भारत में सर्वाधिक है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के 95% से अधिक साक्षरता के मानक को पूरा करने के बाद मई 2025 में मिजोरम को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया था। इस सूची में इसके बाद लक्षद्वीप (97.3%), नागालैंड (95.7%) और केरल (95.3%) का स्थान है।
गौरतलब है कि दशकों तक केरल को देश का सबसे साक्षर राज्य माना जाता रहा, लेकिन हाल के सर्वे में मिजोरम ने उसे पीछे छोड़ दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह उपलब्धि राज्य में सामुदायिक भागीदारी, हर गांव तक शिक्षा की पहुंच और इसे मिशन के रूप में अपनाने का परिणाम है।
वहीं, 2011 की जनगणना के अनुसार महाराष्ट्र की साक्षरता दर 82.34% और उत्तर प्रदेश की 67.68% थी, जो राज्यों के बीच शिक्षा के स्तर में अंतर को दर्शाती है।
भौगोलिक दृष्टि से मिजोरम एक छोटा और पहाड़ी राज्य है, जिसका क्षेत्रफल 21,081 वर्ग किलोमीटर है। इसका 84% से अधिक हिस्सा घने जंगलों से आच्छादित है। 2024 के अनुमान के अनुसार, यहां की आबादी लगभग 12.64 लाख है। यह राज्य म्यांमार और बांग्लादेश की सीमाओं से सटा हुआ है।
