
● मुंबई
वैश्विक ऊर्जा बाजार में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद देश में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और स्थिर बनी हुई है। इंडियन ऑयल ने स्पष्ट किया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए प्रतिदिन करीब 28 लाख एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है, जो सामान्य स्तर के अनुरूप है।
कंपनी के अनुसार, उपभोक्ताओं को एसएमएस और आईवीआरएस जैसे डिजिटल माध्यमों से रिफिल बुकिंग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 87 प्रतिशत बुकिंग डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए हो रही है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी ओटीपी) के माध्यम से ही सिलेंडर वितरण किया जा रहा है।
इंडियन ऑयल ने बताया कि सोशल मीडिया पर मिली शिकायतों के आधार पर एलपीजी वितरकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक 7,500 से अधिक निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें 141 वितरकों पर कार्रवाई और 5 का निलंबन शामिल है। इसके अलावा, राज्य सरकारों के साथ मिलकर 68,000 से अधिक छापेमारी, 855 एफआईआर दर्ज और 48,000 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराहट में बुकिंग या सिलेंडरों का भंडारण न करें और अफवाहों से दूर रहें। इंडियन ऑयल ने आश्वस्त किया है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति निर्बाध जारी रहेगी।
