
● मुंबई
बच्चों के कैंसर उपचार को सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में महाराष्ट्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल पर मुख्यमंत्री सहायता कक्ष, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) फाउंडेशन और टाटा मेमोरियल सेंटर के बीच त्रिपक्षीय समझौता संपन्न हुआ है। इसका उद्देश्य बाल कैंसर मरीजों को समय पर जांच, किफायती उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
इस पहल के तहत तीनों संस्थाएं मिलकर पारदर्शी और प्रभावी ढंग से परियोजना को लागू करेंगी, जिससे जरूरतमंद बच्चों तक उपचार सुविधाएं शीघ्र पहुंच सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य संरक्षण राज्य की प्राथमिक जिम्मेदारी है और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से मुकाबले के लिए प्रारंभिक जांच, जागरूकता और सस्ता इलाज अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने यह भी बताया कि टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा बाल कैंसर मरीजों के ऑपरेशन के लिए मुख्यमंत्री सहायता निधि से सहयोग का अनुरोध किया गया था। इसके बाद बीपीसीएल फाउंडेशन ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया।
इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। उपचार के बढ़ते खर्च के कारण जो बच्चे इलाज से वंचित रह जाते हैं, उनके लिए यह योजना एक मजबूत सहारा बनेगी। सरकार का मानना है कि इस समझौते से कैंसर उपचार में आर्थिक बाधाएं कम होंगी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अधिकाधिक मरीजों तक पहुंच सकेंगी।
मुख्यमंत्री सहायता कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाइक के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान करना और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाना है।
