■ मेट्रो लाइन-9 (दहिसर–काशीगांव) और मेट्रो लाइन-2बी (डी.एन. नगर–मंडाले) के पहले चरण का लोकार्पण

● मुंबई
मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) की परिवहन व्यवस्था में आज एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया, जब मेट्रो लाइन-9 (दहिसर–काशीगांव) और मेट्रो लाइन-2बी (डी.एन. नगर–मंडाले) के पहले चरण का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में इन परियोजनाओं ने महानगर की कनेक्टिविटी को नई ऊर्जा प्रदान की।
मेट्रो-9 के 4.4 किलोमीटर लंबे पहले चरण के संचालन से मीरा-भाईंदर और काशीगांव के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। यह मार्ग दहिसर पर मेट्रो-2ए समेत अन्य लाइनों से जुड़कर यात्रियों को कुलाबा और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तक आसान पहुंच उपलब्ध कराएगा।
वहीं, मेट्रो-2बी के 5.6 किलोमीटर लंबे चरण के शुरू होने से पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण मुंबई के बीच आवागमन और अधिक सुलभ हो गया है। इस लाइन की विशेषता यह है कि यह हार्बर लाइन से जुड़ने वाली पहली मेट्रो परियोजना है। मंडाले में विकसित आधुनिक डेपो और ग्रीन स्टेशन इसे पर्यावरण के अनुकूल बनाते हैं।

इसके साथ ही बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में पॉड टैक्सी परियोजना का ई-भूमिपूजन भी किया गया, जो यात्रियों को अंतिम दूरी तक सहज और तेज़ कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
सरकार के अनुसार, सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने पर मुंबई का 337 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क प्रतिदिन लगभग 70 लाख यात्रियों को सेवा देगा। इससे सड़क यातायात में 20 से 30 प्रतिशत तक कमी आने की संभावना है, जो न केवल ट्रैफिक जाम और प्रदूषण को घटाएगा, बल्कि शहर को स्मार्ट, हरित और एकीकृत परिवहन व्यवस्था की दिशा में आगे ले जाएगा।
