
● मुंबई
मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची भक्ति है- निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की इस प्रेरणा को साकार करते हुए संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में डिलाईल रोड और विलेपार्ले में आयोजित दो रक्तदान शिविरों में कुल 329 निरंकारी भक्तों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
डिलाईल रोड स्थित तालचेकर वाडी म्युनिसिपल स्कूल, लोअर परेल में आयोजित शिविर में 185 यूनिट रक्त संकलित किया गया। इसमें संत निरंकारी रक्तपेढ़ी एवं नायर अस्पताल की टीम ने सहयोग दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेक्टर संयोजक गोपीनाथ बामुगडे और बहन पूजा चुघ की उपस्थिति में सिमरण के साथ हुआ। इस अवसर पर पूर्व महापौर श्रीमती किशोरी पेडणेकर ने मिशन की निष्काम सेवा की सराहना की।
विलेपार्ले स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में आयोजित शिविर में 144 भक्तों ने रक्तदान किया। यहां रक्त संकलन संत निरंकारी रक्तपेढ़ी द्वारा किया गया। शिविर का शुभारंभ शिक्षक प्रकाश गोसावी की उपस्थिति में हुआ।
इससे पूर्व 4 अप्रैल को विलेपार्ले में जागरूकता हेतु प्रभात फेरी भी निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर रक्तदान के प्रति जनजागरण का संदेश दिया।
