■ 30 अप्रैल के बाद खुदाई पर रोक

● मुंबई
मुंबई में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने अब सख्ती का रुख अपना लिया है। मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सायन रेलवे फ्लायओवर का निर्माण कार्य किसी भी स्थिति में 15 जुलाई, 2026 तक पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान यह भी तय किया गया कि 30 अप्रैल के बाद शहर में नई सड़क खुदाई की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, जो काम पहले से चल रहे हैं, उन्हें 31 मई, 2026 तक हर हाल में पूरा कर सड़कों को यातायात के लिए खोलना अनिवार्य होगा। बीएमसी का यह कदम मानसून से पहले सड़कों की स्थिति बेहतर रखने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
सायन ईस्ट-वेस्ट फ्लायओवर परियोजना में रेलवे से जुड़े कार्यों के कारण लगभग पंद्रह दिनों की देरी सामने आई है। पहले गर्डर लॉन्चिंग का लक्ष्य 30 अप्रैल रखा गया था, जिसे अब बढ़ाकर 15 मई कर दिया गया है। बावजूद इसके, संबंधित एजेंसियों को काम में तेजी लाने और समयसीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
धारावी में निर्माणाधीन 418 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की प्रगति भी समीक्षा के दायरे में रही। यह परियोजना फिलहाल 65 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और जुलाई 2027 तक इसके चालू होने की उम्मीद जताई जा रही है। सीमित स्थान के कारण इसे बहुस्तरीय ढांचे में विकसित किया जा रहा है।
सड़क कंक्रीटीकरण कार्यों में भी बीएमसी ने गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया है। अब तक 496 किलोमीटर लंबाई की 1,700 से अधिक सड़कों का काम पूरा किया जा चुका है।
इसके साथ ही चुनाभट्टी क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण उपायों और पंपिंग स्टेशन के उन्नयन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जलभराव की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए अतिरिक्त और प्रभावी कदम उठाए जाएं।
