
● मुंबई
महाराष्ट्र में विधानपरिषद की 10 सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 मई 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि उसी दिन शाम 5 बजे के बाद मतगणना की जाएगी।
इन चुनावों में 9 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। यह सीट डॉ. प्रज्ञा सातव के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई है।
जिन सदस्यों का कार्यकाल 13 मई 2026 को समाप्त हो रहा है, उनमें उद्धव ठाकरे, नीलम गोरहे, संजय केनेकर, संदीप जोशी, दादाराव केचे, अमोल मिटकरी, रंजीतसिंह मोहिते-पाटिल, राजेश राठौड़ और शशिकांत शिंदे शामिल हैं।
चुनावी प्रक्रिया के तहत अधिसूचना 23 अप्रैल 2026 को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है, जबकि 2 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 4 मई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार पूरी प्रक्रिया 13 मई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। राजनीतिक दृष्टि से यह चुनाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके परिणाम राज्य के सत्ता समीकरणों पर सीधा प्रभाव डाल सकते हैं।
