
● कल्याण
कल्याण रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब लापरवाही के एक क्षण ने एक मां और उसके मासूम को खतरे में डाल दिया। चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में महिला अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ी और ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई। हालात बेहद गंभीर थे, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई ने दोनों की जान बचा ली।
यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर-5 की है, जहां ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एएसआई हेमंत बर्गुडे ने असाधारण साहस और तत्परता का परिचय दिया। जैसे ही उनकी नजर इस हादसे पर पड़ी, वे बिना एक पल गंवाए दौड़कर मौके पर पहुंचे और महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनके इस त्वरित निर्णय ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।
पुलिस के अनुसार, घायल महिला की पहचान 20 वर्षीय अंतिमा शुक्ला के रूप में हुई है। वह अपने डेढ़ साल के बेटे के साथ प्रयागराज से मुंबई आ रही एक विशेष ट्रेन में सफर कर रही थी। ट्रेन के कल्याण स्टेशन पर धीमी होते ही उसने उतरने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह हादसे का शिकार हो गई।
पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना एक बार फिर यात्रियों को सावधानी बरतने का संदेश देती है कि चलती ट्रेन से उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।
