
● मुंबई
बरसात के मौसम से पहले शहर की धड़कन कही जाने वाली सड़कों को संवारने की बड़ी कवायद शुरू हो गई है। बृहनमुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (बीएमसी) ने ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे की मरम्मत के लिए 164.94 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इसका उद्देश्य सड़कों को गड्ढा-मुक्त बनाकर यात्रियों को अधिक सुगम और सुरक्षित सफर उपलब्ध कराना है।
मनपा अधिकारियों के अनुसार, इस बार मरम्मत कार्य में आधुनिक माइक्रो-सर्फेसिंग तकनीक का उपयोग किया जाएगा। यह तकनीक सड़क की ऊपरी परत को मजबूत बनाती है, जिससे गड्ढों की समस्या कम होती है और सड़क की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहती है।
इसी के साथ शहर के कई प्रमुख मार्गों और पुलों पर प्री-मानसून मरम्मत का कार्य पहले ही शुरू हो चुका है। कुर्ला, चेंबूर नगर, घाटकोपर, विक्रोली, जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड और ऐरोली जंक्शन जैसे अहम इलाकों में मास्टिक एस्फाल्ट का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं वकोला, आरे, दत्तापाड़ा, नेशनल पार्क और रावलपाड़ा के पुलों की मरम्मत भी तेजी से जारी है।
यह प्रस्ताव बुधवार को स्थायी समिति की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा। स्वीकृति मिलने पर उम्मीद है कि मानसून के दौरान मुंबईकरों को बेहतर, सुरक्षित और बाधारहित सड़क अनुभव मिल सकेगा।
