
● मुंबई
भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस से जूझ रहे मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए इंडिया मेटेरोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान के साथ उमस का असर और तीखा होगा, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जबकि ठाणे जिले में पारा 39 डिग्री के पार जा सकता है। पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी जैसे तटीय क्षेत्रों में भी गर्मी का असर तेज होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार से गर्मी की तीव्रता और बढ़ेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि उच्च आर्द्रता के कारण ‘फील लाइक’ तापमान वास्तविक तापमान से ज्यादा महसूस होगा, जिससे लू जैसे हालात बन सकते हैं।
प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के, सूती कपड़े पहनने की अपील की है। संकेत हैं कि आने वाले दिनों में गर्मी और उमस का यह दौर फिलहाल थमने वाला नहीं है।
