■ एक्टिव हो गया प्री-मानसून

● मुंबई
महाराष्ट्र में प्री-मानसून बारिश ने जोरदार दस्तक दी है। अल नीनो का असर कमजोर पड़ने के बीच अगले 3 से 4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के छह जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, कोल्हापुर, सातारा, सांगली, बीड, लातूर और धाराशिव जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कोकण में भारी बारिश का अनुमान
कोकण क्षेत्र में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। खासकर रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, पुणे, सातारा और कोल्हापुर के पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
● मुंबई में बारिश नहीं, बढ़ेगी उमस
हालांकि राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो रहा है, लेकिन मुंबई और आसपास के इलाकों में लोगों को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम है। अगले 4 से 5 दिनों तक मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में उमस भरा और गर्म मौसम बना रहेगा।
वहीं, मराठवाड़ा क्षेत्र में भी मौसम तेजी से बदल सकता है। हिंगोली, लातूर और छत्रपति संभाजीनगर में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। कुल मिलाकर, महाराष्ट्र में मानसून पूर्व बारिश की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन मुंबईवासियों को अभी कुछ दिन और गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा।
