
● मुंबई
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पोस्ट विभाग केवल सेवा देने वाली संस्था नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि गरीब हो या अमीर, जाति या धर्म से ऊपर उठकर पोस्ट विभाग ने देश के हर कोने तक अपनी सेवाएं पहुंचाई हैं। पोस्टमैन वास्तव में मानवीय संवेदनाओं के वाहक हैं।
मुंबई के अंधेरी रेलवे स्टेशन परिसर में नवीनीकृत अत्याधुनिक पोस्ट ऑफिस का लोकार्पण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य शिंदे ने किया। इस अवसर पर विधायक अमित साटम, हारून खान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरासत और विकास के दृष्टिकोण से पोस्ट विभाग में बड़ा परिवर्तन हुआ है। अब आधार सेवा, बैंकिंग सुविधा और ऑटोमेटेड पार्सल जैसी आधुनिक सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इंटरनेट और निजी कूरियर सेवाओं की चुनौती के बावजूद पोस्ट विभाग ने अपनी उपयोगिता और मजबूती साबित की है।
उन्होंने बताया कि जन सेवा कनेक्ट इनीतिटिव के तहत राज्य में लगभग 2200 पोस्ट ऑफिस को आधुनिक सेवाओं से जोड़ा जा रहा है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
सिंधिया ने बताया कि आधुनिक नेक्स्ट जनरेशन पोस्ट ऑफिस में वाई-फाई, इंटरनेट और आधार सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
