
● मुंबई
पुणे से छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य में कक्षा 11वीं में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि एडमिशन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से ही होंगे।
निदेशक डॉ. महेश पालकर के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया का शून्य राउंड 8 मई से 20 मई तक जारी रहेगा। इसके बाद मुख्य पहला राउंड 21 मई से 28 मई के बीच आयोजित किया जाएगा, जो छात्रों के लिए सबसे अहम चरण होगा।
अब तक 7.74 लाख से ज्यादा छात्रों ने आवेदन का पहला भाग भर दिया है। 10वीं का रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र अब आवेदन का दूसरा भाग भी भर सकेंगे। 11 से 13 मई के बीच दोनों भाग भरने की सुविधा दी गई है, जिसमें छात्र अपनी पसंद के 1 से 10 कॉलेज तक चुन सकते हैं।
14 और 15 मई को प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी होगी, जबकि 16 मई को छात्र उसमें आपत्ति दर्ज कर सकेंगे। 20 मई को पहले राउंड की सीटों की जानकारी सामने आएगी।
21 और 22 मई तक आवेदन पूरा करना जरूरी होगा। 23 से 26 मई के बीच कॉलेज अलॉटमेंट होगा और 26 से 28 मई के बीच छात्रों को संबंधित कॉलेज में जाकर प्रवेश कन्फर्म करना होगा।
29 मई को दूसरे राउंड की खाली सीटें घोषित की जाएंगी, जबकि 30 मई को उसका नया शेड्यूल जारी होगा।
