
● मुंबई
मुंबई में जनगणना 2027 को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर भर में लगभग 24,500 सरकारी कर्मचारी और अधिकारी फील्ड में उतरकर प्रारंभिक काम में जुट गए हैं। यह देश की 16वीं जनगणना होगी, जिसे पहले 2021 में होना था लेकिन बाद में स्थगित कर दिया गया था।
शहर के विभिन्न इलाकों में शनिवार सुबह से ही स्वास्थ्य केंद्रों और वार्ड कार्यालयों पर कर्मचारियों की भीड़ देखी गई। यहां उन्हें उनके क्षेत्र का कार्यादेश, पहचान पत्र, किट और नक्शे सौंपे गए, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर डेटा संग्रह की प्रक्रिया शुरू कर सकें।
मुंबई के घाटकोपर पूर्व स्थित रामाबाई अंबेडकर नगर में शिक्षक, आशा कार्यकर्ता और बीएमसी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और इस महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत की। अगले तीन दिनों तक ये टीमें अपने निर्धारित क्षेत्रों का अध्ययन और मैपिंग करेंगी।
इसके बाद 19 मई से मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए वास्तविक डेटा संग्रह और उसे ऑनलाइन अपलोड करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इस डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य जनगणना को अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक बनाना है।
सेंसस ऑफ़ इंडिया 2027 के इस पहले चरण में कई कर्मचारियों को ऐसे क्षेत्र भी दिए गए हैं जो उनके कार्यस्थल से दूर हैं, जिससे उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्र को समझना पड़ रहा है।
