■ पत्रकारों से लेकर पुलिस और कवि वर्ग तक, एक मंच पर दिखेगा खेल और सौहार्द का संगम
■ गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब में 31 मई को होगा डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट

● मुंबई
‘पत्रकार विकास संघ’ द्वारा रविवार, 31 मई 2026 को पीवीएस क्रिकेट कप–2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट मुंबई के गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित होगा, जिसमें सुबह से देर रात तक रोमांचक मुकाबले खेेले जाएंगे। पत्रकार विकास संघ द्वारा आयोजित यह 18वां क्रिकेट टूर्नामेंट होगा, जिसे लेकर विभिन्न वर्गों में उत्साह का माहौल है।
इस विशेष प्रतियोगिता में पत्रकार, टीवी मीडिया, पुलिस विभाग, नगरसेवक, वकील, व्यापारी और कवि वर्ग की प्रतिष्ठित टीमें मैदान में उतरेंगी। खेल के माध्यम से सामाजिक समन्वय और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी कई विशेष आकर्षण रहेंगे।
संघ के अध्यक्ष आनंद मिश्रा ने बताया कि पीवीएस क्रिकेट कप केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को एक मंच पर जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक सौहार्द और आपसी संवाद को मजबूत करना है।
आनंद मिश्रा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रतियोगिता में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। आयोजन में अनेक प्रतिष्ठित समाजसेवी, राजनेता, वरिष्ठ पत्रकार, पुलिस अधिकारी और अन्य गणमान्य हस्तियां भी उपस्थित रहेंगी। उनकी उपस्थिति खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेगी और आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएगी।
उल्लेखनीय है कि पत्रकार विकास संघ द्वारा आयोजित यह क्रिकेट महोत्सव मुंबई के सामाजिक और मीडिया जगत में विशेष पहचान बना चुका है तथा हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होते हैं।
