
● मुंबई
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसान कर्जमाफी को लेकर बड़ा संकेत देते हुए कहा है कि प्रस्तावित योजना की घोषणा 30 जून से पहले कर दी जाएगी और इस पर विधान परिषद चुनाव की आचार संहिता का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। एक ओर सरकार किसानों को राहत देने की तैयारी में जुटी है, वहीं दूसरी ओर संभावित कमजोर मानसून ने चिंता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री ने अल नीनो प्रभाव के कारण राज्य में सामान्य से कम वर्षा की आशंका जताते हुए प्रशासन और बैंकों को पहले से सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार इस वर्ष महाराष्ट्र में औसतन 88 प्रतिशत वर्षा होने की संभावना है। उनके मुताबिक पश्चिम विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में इसका सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि जून से सितंबर के बीच वर्षा का वितरण असमान रह सकता है, जिससे कुछ इलाकों में सूखे जैसी स्थिति बनने की आशंका है।
फडणवीस ने राष्ट्रीयकृत बैंकों को निर्देश दिए हैं कि खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए फसल ऋण वितरण का लक्ष्य समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को ऋण उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि खेती की तैयारियों में उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
