■ श्रद्धालुओं को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

● मुंबई
श्री सिद्धिविनायक मंदिर में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर के सुशोभीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास कार्यों को गति दी जा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विश्वास जताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने के बाद सिद्धिविनायक मंदिर परिसर को भव्य और आधुनिक स्वरूप मिलेगा तथा श्रद्धालुओं को कम समय में अधिक सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

मंदिर परिसर के सुशोभीकरण परियोजना के प्रथम चरण के कार्यों का भूमिपूजन मंगलवार को मुख्यमंत्री फडणवीस के हाथों संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने वाले भाविकों के लिए बेहतर सुविधाएं और अधिक व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और मंदिर न्यास की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास के अध्यक्ष सदानंद शंकर सरवणकर, विधायक कालिदास कोळंबकर, विधायक प्रसाद लाड, महापौर रितू तावडे, उपमहापौर संजय घाडी तथा मंदिर न्यास के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशोभीकरण परियोजना पूरी होने के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को अधिक प्रसन्न, सुव्यवस्थित और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव होगा।
