
● मुंबई
मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित एमआईडीसी इलाके में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को नियंत्रित करने के लिए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। 28 मई से 27 अगस्त 2026 तक यहां की सात प्रमुख सड़कों पर अस्थायी रूप से ऑड-ईवन पार्किंग नियम लागू कर दिया गया है। इस निर्णय का उद्देश्य सड़कों पर होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित करना और यातायात को सुचारू बनाना है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, एम. आई डी सी क्षेत्र की कई सड़कों पर दोनों ओर वाहनों की पार्किंग के कारण अक्सर भारी जाम की स्थिति बन जाती थी। इससे न केवल आम लोगों को परेशानी होती थी, बल्कि एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी बाधित होती थी। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह नई व्यवस्था लागू की गई है।
इस नियम के तहत सम तारीखों पर वाहन केवल सड़क के उत्तरी हिस्से में पार्क किए जा सकेंगे, जबकि विषम तारीखों पर दक्षिणी हिस्से में पार्किंग की अनुमति होगी। यदि कोई वाहन चालक निर्धारित दिशा के विपरीत पार्किंग करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना लगाया जाएगा।
जिन सड़कों पर यह नियम लागू किया गया है, उनमें गुरु गोबिंद सिंह रोड, कोंडाविता रोड, दत्ता जगदंबा मंदिर रोड, सेंट्रल रोड, बी क्रॉस रोड, सुरेन रोड और रोड नंबर 11 शामिल हैं। ये सभी सड़कें औद्योगिक और व्यावसायिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में वाहन चलते हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सहयोग करें, ताकि इस प्रयोग को सफल बनाया जा सके। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि तीन महीने बाद इस व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और उसके आधार पर आगे का निर्णय लिया
जाएगा।
