- ‘पीवीएस कप’ में पत्रकार, नगरसेवक, कवि, वकील, व्यापारी और पुलिसवालों के बीच क्रिकेट मैच

● मुंबई
पत्रकारों, नगरसेवकों और विभिन्न सामाजिक वर्गों को एक मंच पर लाने वाले ‘पीवीएस क्रिकेट कप-2026’ का आयोजन रविवार, 31 मई 2026 को गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब में किया जाएगा। ‘पत्रकार विकास संघ’ द्वारा आयोजित यह डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट अपने 18वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जिसे लेकर मीडिया और सामाजिक जगत में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सुबह से देर रात तक चलने वाले इस क्रिकेट महोत्सव में पत्रकार, टीवी मीडिया, पुलिस विभाग, नगरसेवक, वकील, व्यापारी तथा कवि वर्ग की टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है बल्कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के बीच समन्वय, संवाद और भाईचारे को मजबूत करना भी है।
संघ के अध्यक्ष आनंद मिश्रा ने बताया कि पीवीएस क्रिकेट कप वर्षों से मुंबई के सामाजिक और मीडिया जगत में अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों को आपसी संवाद और सकारात्मक माहौल का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि इस बार भी प्रतियोगिता में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। आयोजन में वरिष्ठ पत्रकारों, नगरसेवकों, पुलिस अधिकारियों, समाजसेवियों और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति रहेंगी। उनकी मौजूदगी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ आयोजन की गरिमा में भी वृद्धि करेगी।
हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में दर्शकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने प्रतियोगिता को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं।
