
● मुंबई
मुंबई की परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मुंबई मेट्रोपोलीटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एम एम आर डी ए ) ने चेंबूर इलाके में बन रहे चेम्बूर मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया। इस स्टेशन को भविष्य में एक बड़े इंटरचेंज हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां मेट्रो और मुंबई मोनोरेल के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी मिलेगी।
एम एम आर डी ए के मेट्रोपॉलिटन कमिश्नर संजय मुख़र्जी ने अधिकारियों के साथ साइट का दौरा किया। इस दौरान पास के वी एन पुरव मोनोरेल स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया, ताकि दोनों नेटवर्क के बीच यात्रियों के लिए आसान और तेज़ ट्रांजिट सुनिश्चित किया जा सके।
अधिकारियों के अनुसार, यह कदम मुंबई के पूर्वी उपनगरों में कनेक्टिविटी को काफी बेहतर बनाएगा। खासतौर पर चेंबूर को एक मल्टी-मोडल ट्रांजिट पॉइंट के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को मेट्रो और मोनोरेल के बीच बिना परेशानी सफर करने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही, मेट्रो लाइन-5 के विस्तार की भी घोषणा की गई है, जिसकी कुल लंबाई अब 34.21 किलोमीटर तक बढ़ाई जाएगी। यह लाइन ठाणे, भिवंडी, कल्याण और उल्हासनगर जैसे इलाकों को जोड़ेगी, जिससे रोज़ाना यात्रा करने वाले लाखों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
