
▪️ मुंबई
महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून अधिवेशन 22 जून से 10 जुलाई तक मुंबई स्थित विधान भवन में आयोजित किया जाएगा। आगामी अधिवेशन की तिथियों और कार्ययोजना को लेकर विधानमंडल कार्य सलाहकार समिति की बैठक में अंतिम निर्णय लिया गया।
विधान भवन में आयोजित बैठक में विधान परिषद के सभापति प्रा. राम शिंदे, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार, विधानसभा उपाध्यक्ष अण्णा बनसोडे, संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटील, मंत्री छगन भुजबल सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अधिवेशन की रूपरेखा, प्रश्नकाल, विभिन्न विषयों पर होने वाली चर्चाओं और विधेयकों की प्रस्तुति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही अधिवेशन को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
विधानमंडल सचिव जितेंद्र भोले ने सदन के प्रस्तावित कामकाज, विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रस्तावों तथा अधिवेशन की समय-सारिणी संबंधी जानकारी सदस्यों के समक्ष रखी।
बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ सदन में उठाया जाएगा। माना जा रहा है कि अधिवेशन के दौरान राज्य की राजनीति, विकास कार्यों, कृषि, बुनियादी सुविधाओं और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा होगी। वहीं विपक्ष भी विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, जिससे सदन में तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
