
▪️ मुंबई
मोगावीरा को-ऑपरेटिव बैंक की वित्तीय स्थिति को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बैंक पर छह महीने के लिए कई प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। इस अवधि के दौरान बैंक के खाताधारक अपने खातों से अधिकतम 1 लाख रुपए तक ही राशि निकाल सकेंगे।
आरबीआई द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार बैंक की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और छह माह बाद उसकी वित्तीय स्थिति की समीक्षा की जाएगी। केंद्रीय बैंक का कहना है कि यह कदम जमाकर्ताओं के हितों की सुरक्षा और बैंकिंग व्यवस्था में स्थिरता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
प्रतिबंधों के तहत मोगावीरा को-ऑपरेटिव बैंक अब नए ऋण मंजूर नहीं कर सकेगा और न ही मौजूदा ऋणों का नवीनीकरण कर पाएगा। इसके अलावा बैंक को नई निवेश योजनाओं में धन लगाने तथा नई देनदारियां स्वीकार करने से भी रोक दिया गया है।
आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि बैंक की वर्तमान नकदी स्थिति को ध्यान में रखते हुए बचत, चालू और अन्य सभी प्रकार के खातों से निकासी की अधिकतम सीमा 1 लाख रुपए निर्धारित की गई है। इससे अधिक राशि फिलहाल खाताधारक नहीं निकाल सकेंगे।
केंद्रीय बैंक ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे के निर्णय लिए जाएंगे।
