
▪️ अहिल्यानगर
श्री क्षेत्र राजापूर, गुंजाळवाडी (तहसील संगमनेर) में आयोजित परम पूज्य स्वामी श्री गगनगिरी महाराज अखंड हरिनाम सप्ताह सोहळा 2026 के दौरान पालघर पीठाधीश्वर ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज का श्रद्धापूर्वक स्वागत एवं सम्मान किया गया। 8 से 15 जून तक आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में संत-महात्माओं, समाजसेवियों और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर वक्ताओं ने योगीराज जी द्वारा संचालित ‘अपनी संस्कृति अपना संस्कार’ जनजागरण अभियान तथा महाराष्ट्र में चल रहे 100 दिवसीय योग महोत्सव एवं जनसंपर्क यात्रा की सराहना की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण योगीराज जी का दिव्य बांसुरी वादन रहा।

उनके द्वारा प्रस्तुत प्रसिद्ध मराठी भजन ‘दर्शन दे रे दे रे भगवंता’ ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। पूरे परिसर में हरिनाम संकीर्तन और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण छा गया।
अपने संबोधन में योगीराज जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति, संस्कार, योग, अध्यात्म और मानव सेवा राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने बताया कि पालघर पीठ और श्री हरि नारायण सेवा संस्थान, मुंबई के माध्यम से योग, संगीत, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा और सामाजिक जागरूकता के विविध कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
