
प्रभुनाथ शुक्ल@भदोही
भदोही में गंगा नदी का जलस्तर प्रतिघंटे तीन सेंटीमीटर की दर से बढ़ रहा है और यह चेतावनी बिंदु (80.20 मीटर) से केवल चार मीटर नीचे है। यमुना और बेतवा नदियों में जलवृद्धि के कारण खतरा बढ़ गया है।
बुधवार को जिलाधिकारी शैलेश कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने डेंगुरपुर, हरिरामपुर, छेछूआ भूर्रा व इटहरा क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संभावित कटान से प्रभावित ग्रामीणों से संवाद किया और सतर्क रहने की अपील की। छेछूआ में महिलाओं ने हर वर्ष होने वाले कटान की समस्या उठाई, जिस पर प्रभावितों को अन्य गांवों में शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए।
शिवकरन मिश्र इंटर कॉलेज स्थित बाढ़ चौकी की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ज्ञानपुर व औराई तहसील में कुल 22 बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं। कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी, नियंत्रण कक्ष और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के निर्देश दिए गए हैं। सभी गांवों को अलर्ट जारी कर दिया गया है।