
▪️ मुंबई
करीब नौ महीने के लंबे अंतराल के बाद मुंबई की मोनोरेल सेवा जल्द ही दोबारा शुरू होने जा रही है। राज्य सरकार के शहरी विकास विभाग ने 19.54 किलोमीटर लंबे महालक्ष्मी से जैकब सर्कल मार्ग पर सेवाएं बहाल करने को अंतिम मंजूरी दे दी है। अधिकारियों के मुताबिक, स्टेशनों पर रंगाई-पुताई और आंतरिक कार्य अंतिम चरण में हैं और अगले 10 से 15 दिनों में उद्घाटन संभव है। ऐसे में जुलाई की शुरुआत तक मोनोरेल यात्रियों के लिए उपलब्ध हो सकती है।
सेवा शुरू होने के साथ ही यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। महालक्ष्मी स्टेशन पर मेट्रो लाइन-3 और रेलवे स्टेशन से सीधा जुड़ाव इस रूट को और उपयोगी बनाएगा। साथ ही, संचालन के लिए 10 नई रेक (ट्रेन) शामिल की गई हैं, जिन्हें हैदराबाद की कंपनी मेधा सर्वो ड्राइव्स ने तैयार किया है।
नई रेक के साथ ट्रेन की आवृत्ति (हेडवे) में सुधार होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि दो ट्रेनों के बीच का अंतराल लगभग 15 मिनट रहेगा। इससे पहले, सितंबर 2025 में सेवा बंद होने से पहले तकनीकी खामियों के कारण यात्रियों को 20 से 25 मिनट तक इंतजार करना पड़ता था, जो कई बार 45 मिनट तक भी पहुंच जाता था। हालांकि, सेवा बहाली के साथ किराए में बढ़ोतरी की संभावना भी जताई जा रही है।
