
- मुंबई
मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 15 जुलाई से अंतरराष्ट्रीय यात्री सेवाओं की शुरुआत करने जा रहा है। इस नई शुरुआत के तहत एयर इंडिया एक्सप्रेस अबू धाबी के लिए पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालित करेगी।
यह एयरपोर्ट महाराष्ट्र का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जिसे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस शुरुआत में सप्ताह में दो उड़ानें संचालित करेगी, जिसे 29 जुलाई से बढ़ाकर तीन साप्ताहिक उड़ानें किया जाएगा।
गौरतलब है कि नवी मुंबई एयरपोर्ट ने 25 दिसंबर 2025 से घरेलू वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू किया था। अब अंतरराष्ट्रीय सेवाओं की शुरुआत के साथ यह एयरपोर्ट क्षेत्रीय और वैश्विक कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा। विशेषज्ञों का मानना है कि अबू धाबी जैसे व्यस्त रूट से शुरुआत करना रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि मुंबई क्षेत्र से खाड़ी देशों के लिए यात्रियों की संख्या काफी अधिक है।
