- मुंबई
आगामी गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को सुव्यवस्थित ढंग से संभालने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित आधुनिक निगरानी प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। पायलट परियोजना के तहत शहर के पांच प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों गेटवे ऑफ इंडिया, सिद्धिविनायक मंदिर, जुहू बीच, दादर बीच और गिरगांव चौपाटी पर एआई-सक्षम सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

यह स्मार्ट प्रणाली केवल निगरानी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि रियल-टाइम में भीड़ की संख्या, लोगों की आवाजाही और विभिन्न क्षेत्रों में भीड़ के दबाव का विश्लेषण करेगी। इससे प्रशासन को समय रहते आवश्यक कदम उठाने में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और पेयजल जैसी नागरिक सुविधाओं का संचालन भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने वाले भाजपा नगरसेवक तेजिंदर सिंह तिवाना ने कहा कि त्योहारों के दौरान रियल-टाइम आंकड़ों की कमी के कारण प्रशासन को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। एआई तकनीक के उपयोग से इन समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा।
बीएमसी ने शहर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में भी नई पहल की है। इसके तहत सड़कों के नाम वाले बोर्डों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। इन्हें स्कैन कर नागरिक और पर्यटक संबंधित क्षेत्र के इतिहास, वहां की विशेषताओं तथा उससे जुड़े महान व्यक्तित्वों की जानकारी अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे।
