▪️ बस से उतरकर दो नर्सों ने बचाई जान
- कोच्चि
केरल के एर्नाकुलम में भीषण ट्रैफिक जाम के बीच एक 43 वर्षीय व्यक्ति को अचानक हार्ट अटैक आने से अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घबरा गए, लेकिन उसी समय बस से उतरकर पहुंचीं दो नर्सों ने बिना समय गंवाए सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) शुरू किया और उनकी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, एलएफ अस्पताल की स्टाफ नर्स अंजलि बैजू और नर्सिंग छात्रा आर्द्रा राज संयोग से उसी मार्ग से गुजर रही थीं। उन्होंने मरीज की गंभीर हालत को तुरंत पहचान लिया और एम्बुलेंस पहुंचने से पहले लगातार सीपीआर देकर उसकी धड़कनें फिर से सामान्य करने में सफलता हासिल की।
इसके बाद मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने समय पर मिले प्राथमिक उपचार को उसकी जान बचने का सबसे बड़ा कारण बताया। दोनों नर्सों की तत्परता, प्रशिक्षण और मानवीय संवेदनशीलता की हर ओर सराहना हो रही है।
