
▪️ मुंबई
मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा का असर अब शहर की जलापूर्ति करने वाली सातों झीलों पर स्पष्ट दिखाई देने लगा है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की शुक्रवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार, झीलों में कुल उपयोगी जल भंडारण बढ़कर 1,29,309 मिलियन लीटर, यानी कुल क्षमता का 8.93 प्रतिशत हो गया है। इससे आने वाले दिनों में जल संकट कम होने की उम्मीद जगी है।
बीएमसी के अनुसार, सातों झीलों की कुल जल भंडारण क्षमता 14,47,363 मिलियन लीटर है। पिछले वर्ष इसी दिन जलभंडार 46.91 प्रतिशत था, जबकि वर्ष 2024 में यह 8.24 प्रतिशत दर्ज किया गया था। इस वर्ष स्थिति अभी सामान्य से काफी नीचे है, लेकिन हाल की वर्षा से जलस्तर में लगातार सुधार हो रहा है।
मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाली भातसा, अपर वैतरणा, मिडल वैतरणा, तानसा, मोडक सागर, विहार और तुलसी झीलों में भातसा में 6.65 प्रतिशत, मिडल वैतरणा में 12.86 प्रतिशत तथा तानसा में 4.99 प्रतिशत जल भंडारण दर्ज किया गया है। अपर वैतरणा का जलस्तर अभी न्यूनतम स्तर से नीचे होने के कारण उसका उपयोगी भंडारण शून्य माना गया है।
उधर, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी से बहुत भारी वर्षा और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
